जयपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पाली जिले के रोहट में 18वीं राष्ट्रीय स्काउट्स एण्ड गाइड्स जम्बूरी का उद्घाटन किया। राष्ट्रपति ने भारत सहित विभिन्न देशों से आए 37 हजार से अधिक स्काउट एवं गाइड का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं के इस सम्मेलन में नायाब जोश एवं ऊर्जा का समागम है। युवाओं की यह सभा मिनी यंग इंडिया है। उन्होंने कहा कि स्काउट तन-मन से इंसानियत एवं समाज सेवा का काम करते हैं। यह गर्व की बात है कि पूरे देश में सबसे अधिक संख्या में स्काउट साहस एवं वीरता के प्रतीक राजस्थान की भूमि से हैं।
18 वीं जम्बूरी रोहट में
67 साल बाद आयोजन प्रदेश में
37 हजार स्काउट-गाइड हुए शामिल
12 लाख स्काउट-गाइड हैं राजस्थान में
63 लाख स्काउट-गाइड हैं देश में
115 वर्ष से कार्यरत है संगठन
220 हैक्टेयर में बसाया स्मार्ट गांव
50 बेड का हॉस्पिटल
3500 रहने के लिए टेंट
1700 शौचालय
1200 स्नानागार
06 लाख लीटर की पेयजल टंकी
जयपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पाली जिले के रोहट में 18वीं राष्ट्रीय स्काउट्स एण्ड गाइड्स जम्बूरी का उद्घाटन किया। राष्ट्रपति ने भारत सहित विभिन्न देशों से आए 37 हजार से अधिक स्काउट एवं गाइड का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं के इस सम्मेलन में नायाब जोश एवं ऊर्जा का समागम है। युवाओं की यह सभा मिनी यंग इंडिया है। उन्होंने कहा कि स्काउट तन-मन से इंसानियत एवं समाज सेवा का काम करते हैं। यह गर्व की बात है कि पूरे देश में सबसे अधिक संख्या में स्काउट साहस एवं वीरता के प्रतीक राजस्थान की भूमि से हैं। इस जम्बूरी का आयोजन 4 से 10 जनवरी तक किया जा रहा है। राजस्थान में 67 साल बाद स्काउट-गाइड की जम्बूरी का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले सन् 1956 में दूसरी राष्ट्रीय जम्बूरी का आयोजन जयपुर में किया गया था। समारोह में राष्ट्रपति ने भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स का ध्वज फहराया। बैण्ड वादन के बीच राष्ट्रपति ने जम्बूरी परेड का अवलोकन किया। देश विदेश से आए स्काउट-गाइड के विभिन्न दलों ने राष्ट्रपति के समक्ष मार्च पास्ट कर उन्हें सलामी दी। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स संगठन द्वारा लगभग 115 वर्षों से युवाओं को प्रशिक्षित करने का कार्य किया जा रहा है। इस संगठन में 63 लाख से अधिक स्काउट एवं गाइड हैं।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि आज भारत दुनिया में एक युवा देश माना जाता है। युवा राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं। युवाओं को भविष्य के लिए तैयार रहना होगा। उन्हें भविष्य में देश और समाज के सामने आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए खुद पर पूर्ण विश्वास के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया।
स्काउटिंग का विशिष्ट गुण त्याग और सेवा: राज्यपाल
राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय जम्बूरी का यह एेतिहासिक आयोजन राजस्थान में होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, सेवा और समर्पण से जुड़ा यह संगठन मूलतः वसुधैव कुटुम्बकम की भारतीय संस्कृति से ही जुड़ा है। राज्यपाल ने कहा कि त्याग और सेवा ही स्काउटिंग का विशिष्ट गुण है। इसी भाव से जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जीवित वही हैं, जो दूसरों की सेवा के लिए जीते हैं।
स्काउट-गाइड बनना हमारे लिए गर्व: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राष्ट्रपति की उपस्थिति में राष्ट्रीय जम्बूरी की मेजबानी करना गौरव की बात है। स्काउट-गाइड बनना ही गर्व का विषय है। मैं स्वयं भी बचपन से स्काउटिंग से जुड़ा हूं। यहां अनुशासित रहने, समाज सेवा करने, देश की महान संस्कृति निभाने की सीख मिलती है। अलग-अलग संस्कृति, भाषा और परम्परा वाले देश में राष्ट्रीय जम्बूरी एकता का संदेश दे रही है। गहलोत ने कहा कि प्रदेश में 12 लाख से अधिक स्काउट्स एण्ड गाइड्स हैं। मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न राज्यों तथा घाना, मलेशिया, सउदी रब, बांग्लादेश, श्रीलंका, मालदीव, नेपाल सहित विभिन्न देशों से आए स्काउट-गाइड और अधिकारियों का स्वागत किया।
हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा
समारोह में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने स्मृति चिन्ह भेंट कर राष्ट्रपति का स्वागत किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्वारा जम्बूरी स्मारिका, विशेष आवरण तथा जम्बूरी पत्रिका का भी विमोचन किया गया। इस दौरान ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह स्थल पर हेलिकॉप्टर द्वारा पुष्प वर्षा भी की गई। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, शिक्षा राज्यमंत्री जाहिदा खान, राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार जैन, मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त श्री के.के. खंडेलवाल, राज्य मुख्य आयुक्त निरंजन आर्य सहित राष्ट्रीय व राज्य संगठन के पदाधिकारियों सहित 37 हजार से अधिक स्काउट व गाइड उपस्थित रहे।
लोक नृत्यों की दी आकर्षक प्रस्तुतियां
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पाली के रोहट में आयोजित 18वीं राष्ट्रीय जम्बूरी के दौरान राजस्थान नाइट में शिरकत की। इस दौरान स्काउट-गाइड ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रचलित लोक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान राजस्थान के प्रसिद्ध कलाकारों ने भी प्रस्तुतियां देकर पहले दिन की संध्या को यादगार बनाया।
Comments 0